लातेहार। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), लातेहार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह के मार्गदर्शन में प्राधिकार के द्वारा जिले वासियों को लगातार सुलभ व त्वरित न्याय तथा अन्य नि:शुल्क लाभ प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है. इसी क्रम में प्राधिकार ने जिले के महुआडांड़ प्रखंड की 28 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ्य यवुती को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है. वह युवती जन्म से ही मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही है. मामला संज्ञान में आने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के सचिव शिवम चौरसिया ने सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, लातेहार को पत्र लिखा है. उन्होने अपने पत्र में उक्त महिला की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जांच कराने, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा उचित उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया है. उन्होने पीडि़त युवती के परिवार को उनकी देखभाल एवं उपचार के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने की बात भी कही है. श्री चौरसिया ने उनकी स्थिति के अनुरूप निःशुल्क अथवा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत पात्रतानुसार दवाइयां, उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. उन्होने कहा कि यदि आवश्यक हो तो उनके घर पर स्वास्थ्यकर्मी भेजकर प्रारंभिक आकलन एवं उपचार हेतु उचित व्यवस्था की जा सकती है. बता दें कि इस कार्य में महुआडांड़ केे पीएलवी इंद्रनाथ प्रसाद का सराहनीय योगदान रहा है.