लातेहार। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस ने अफीम की खेती के खिलाफ बड़ा अभियान चला रखा है. इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने हेरहंज थाना क्षेत्र के जंगली इलाकों में 15 एकड़ भूमि में ट्रैक्टर चलाकर अफीम की फसल को नष्ट कर दिया है. पुलिस की इस कार्रवाई से अफीम तस्करों को बड़ा नुकसान हुआ है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हेरहंज थाना क्षेत्र के मारी और पाडरम गांव के बीच स्थित जंगली इलाके में अफीम की खेती नष्ट किया गया.
Advertisement
इसके लिए थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी. पुलिस की टीम पांच ट्रैक्टरों के साथ चिन्हित स्थल पर पहुंची और अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया. इस संबंध में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि लातेहार जिले के हेरहंज, बारियातु आदि प्रखंडों के बॉर्डर एरिया में अफीम तस्करों के द्वारा अफीम की खेती कराई जाती है, लेकिन इस बार पुलिस अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट करने के लिए अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी पुलिस अफीम की खेती के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए लगभग 800 एकड़ भूमि में लगाई गई अफीम की फसल को नष्ट कर दिया था. इससे अफीम तस्करों को बड़ा नुकसान हुआ था. इसी कारण इस वर्ष जो सूचना आ रही है उसके अनुसार अपेक्षाकृत तस्करों के द्वारा कम मात्रा में अफीम की खेती की गई है. इसके बावजूद पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट करने के लिए भी लगातार कार्रवाई कर रही है. एसपी कुमार गौरव ने बताया कि इस वर्ष लातेहार पुलिस के द्वारा सरकार के निर्देश पर प्री-कल्टीवेशन ड्राइव भी चलाया गया था. जिसके तहत ग्रामीणों के साथ-साथ संबंधित गांव के जनप्रतिनिधियों और सरकारी कर्मियों को अफीम की खेती पर कड़ी नजर रखने के लिए जागरूक भी किया गया था. लोगों को कानूनी प्रावधान की भी जानकारी दी गई थी और यह भी बताया गया था कि यदि उनके इलाके में अफीम की खेती की जा रही हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें.
Advertisement see
सूचना नहीं देने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है. नुक्कड़ नाटकों के माध्यमों से ग्रामीणों को अफीम की खेती से होने वाले नुकसान की भी पूरी जानकारी दी गई है. इसका सकारात्मक असर भी क्षेत्र में दिख रहा है. एसपी कुमार गौरव ने बताया कि अफीम की खेती की निगरानी सेटेलाइट के माध्यम से भी की जा रही है. सेटेलाइट इमेज के आधार पर भी अफीम की खेती को चिन्हित करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई हो रही है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक पुलिस ने लगभग 35 एकड़ भूमि में लगाई गई अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट किया है. यह अभियान लगातार जारी रहेगा.