महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस जिला आदिवासी अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने बुधवार को प्रखंड के चंपा, सोहर एवं नेतरहाट पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय बैठकों में भाग लेकर अभियान की प्रगति की समीक्षा की तथा शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने की अपील की.
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुरुंद, सोहर, चोरमुंडा, पकरीपाठ हुरमुंडा टोली तथा नेतरहाट सहित विभिन्न बूथों का दौरा किया. उन्होंने स्थानीय बीएलओ, बूथ कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से अभियान की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए. अजीत पाल कुजूर ने बताया कि अब तक कुरुंद बूथ में 84.29 प्रतिशत, सोहर बूथ में 80 प्रतिशत, चोरमुंडा बूथ में 90 प्रतिशत, पकरीपाठ हुरमुंडा टोली बूथ में 82 प्रतिशत तथा नेतरहाट बूथ में 85 प्रतिशत मतदाताओं का एसआईआर कार्य पूरा किया जा चुका है. शेष पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी है.
उन्होंने कहा कि कुछ मतदाता रोजगार, पढ़ाई अथवा अन्य कारणों से बाहर रहने के कारण एसआईआर प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं. ऐसे लोगों को स्थानीय बीएलओ द्वारा सूचना देकर बुलाया जा रहा है, ताकि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर अपना सत्यापन करा सकें.