लातेहार। किसानों को बिरसा-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करने एवं योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय परिसर से उपायुक्त संदीप कुमार के द्वारा हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार रथ को रवाना किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि फसल बीमा योजना किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है. प्राकृतिक आपदा, प्रतिकूल मौसम एवं अन्य कारणों से फसल को होने वाली क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के अधिक से अधिक किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा उन्हें योजना के लाभ, पात्रता एवं आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को बिरसा-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी. किसानों को योजना के तहत फसल बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में फसल क्षति होने पर उन्हें नियमानुसार बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके. प्रचार रथ के माध्यम से किसानों को योजना से संबंधित पात्रता, बीमा कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, बीमित फसल, फसल क्षति की स्थिति में दावा प्रक्रिया एवं योजना के लाभ की जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार सामग्री एवं अन्य माध्यमों से किसानों को जागरूक किया जाएगा. मौके पर अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो, जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्च, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू आदि मौजूद थे.