लातेहार। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सरकार के उद्योग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव के लातेहार आगमन पर आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय सचिव सह राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अली हसन अंसारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया. इस दौरान अली हसन अंसारी ने बरवाडीह प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया. उन्होंने मंत्री को बताया कि क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हैं, इस कारण स्थानीय युवा यहां से पलायन कर रहे हैं. श्री अंसारी ने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की. मंत्री श्री यादव ने अली हसन अंसारी द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और कहा कि राज्य सरकार विकास, रोजगार सृजन तथा जनकल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया.