महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड में नए साल के आगमन और सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के चलते पर्यटकों एवं आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. बढ़ती आवाजाही के कारण प्रखंड के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. इसी स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी मनोज कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाला और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की कमान अपने हाथों में ली. शनिवार को थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया. भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती गई. थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि नए साल और सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के कारण क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ा है. आम जनता और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें. उन्होने अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन नहीं खड़ा करने की अपील की है. प्रशासन की तत्परता का असर यह रहा कि कुछ ही समय में जाम की स्थिति काफी हद तक नियंत्रित हो गई और यातायात सामान्य होने लगा. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की.