तेतरियाखाड़ परियोजना बंद होने से ट्रक मालिकों में आक्रोश
लातेहार। तेतरियाखाड़ परियोजना को सीसीएल द्वारा पिछले लगभग तीन माह से बंद किए जाने के विरोध में परियोजना क्षेत्र के ट्रक मालिकों ने राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। ट्रक मालिकों ने बताया कि परियोजना बंद रहने से क्षेत्र के करीब 1000 ट्रक मालिकों, चालकों, उपचालकों तथा अन्य श्रमिकों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि परियोजना बंद होने के कारण हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। ट्रक मालिकों को बैंक ऋण की मासिक किस्त, वाहन बीमा, टैक्स एवं अन्य वित्तीय दायित्वों का भुगतान करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इस परियोजना से जुड़े ड्राइवरों और मजदूरों के सामने परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।
ट्रक मालिकों ने राज्यसभा सांसद से अनुरोध किया है कि वे इस गंभीर जनहित के मुद्दे को सीसीएल प्रबंधन एवं संबंधित मंत्रालय के समक्ष उठाते हुए तेतरियाखाड़ परियोजना को जल्द से जल्द पुनः प्रारंभ कराने की दिशा में आवश्यक पहल करें। उनका कहना है कि परियोजना शुरू होने से हजारों प्रभावित परिवारों को पुनः रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी पटरी पर लौट सकेंगी। इस दौरान ट्रक मालिकों की ओर से राजन कुमार, दिनेश कुमार साव, महेश लोहरा, इंद्रदेव ठाकुर, राजेश यादव, प्रिंस यादव, चंदन यादव सहित कई ओनर उपस्थित रहे। ट्रक मालिकों ने सांसद से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप से हजारों परिवारों को राहत मिल सकती है।