बरवाडीह (लातेहार)। थाना क्षेत्र के कुल्ही नाला के समीप बुधवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांच युवक घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह पहुंचाया गया. घायलों की पहचान रेगनियां निवासी रोशन सिंह (19), पिता महेंद्र सिंह, अमडीहा निवासी सिद्धनाथ सिंह (27), पिता विनोद सिंह, ठुठाकुसुम निवासी वीरेंद्र कुमार (18), पिता प्रदीप सिंह, चंदन कुमार (19), पिता विजय मिस्त्री तथा पैरा निवासी सरोज कुमार (18), पिता राजेंद्र राम के रूप में हुई है. सभी युवक दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार थे. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनुपमा एक्का, ड्रेसर राजेश चंद्र उर्फ बबलू एवं कुमुदनी केरकेट्टा की देखरेख में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. हालांकि, घायलों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सभी पांचों युवकों को एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया है.
सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी रामलखन वर्णवाल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों के इलाज की जानकारी ली और दुर्घटना से संबंधित आवश्यक तथ्यों की जानकारी प्राप्त की. इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के पीछे क्या कारण रहे. दुर्घटना से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है.