लातेहार। प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी जिले में सड़क दुर्घटनायें रूकने का नाम नहीं ले रही है. जिला मुख्यालय में मंगलवार की शाम कीनामाड़ में एक बाइक दुर्घटना में दो युवक घायल हो गये. बुधवार की सुबह शहर के ही अमवाटीकर रोड में एक ट्रैक्टर दुर्घटना में एक महिला मजदूर की मौत हो गयी. दोपहर में बरवाडीह थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में पांच युवक घायल हो गये. सबों को मेदिनीगर रेेफर किया गया है. वहीं बुधवार की दोपहर ही जिला मुख्यालय से सटे सरयु पथ में एक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गयी. उसकी शिनाख्त विज्ञान नायक (22) पिता अशोक नायक के रूप में की गयी है. वह गढ़वा जिले के बघवार ग्राम का रहने वाला और सोतम गांव में अपने किसी रिस्तेदार के यहां छठ पर्व के दौरान आया था. बुधवार को वह नागेंद्र नायक (25) पिता तपेश्वर नायक के साथ बाइक से सरयु की ओर घुमने गया था. इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित हो कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस दुर्घटना में विज्ञान नायक की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि नागेंद्र नायक घायल हो गया. उसका एक नीजि अस्पताल में इलाज चल रहा है. गारू पुलिस मौके पर पहुंचे कर शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. घटना के बाद से उसकी पत्नी व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.