लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के द्वारा जिला टास्क फोर्स की बैठक में दिये गये निर्देश पर बाद जिला खनन विभाग अवैध उत्खन्न, भंडारण व संग्रहण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है. इसी क्रम में बुधवार को जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के सिकनी के पास सुरंग बनाकर किए जा रहे अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ जिला खनन विभाग व पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है. जांच के दौरान कुल चार स्थानों पर सुरंग बनाकर अवैध कोयला निकासी (रैट होल माइनिंग) होते पाया गया. टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से सभी अवैध सुरंगों की डोजरिंग कर उनके मुहानों को बंद करा दिया. जिला खनन पदाधिकारी नदीम शफी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों पर आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि इस प्रकार की अवैध सुरंग खनन अत्यंत खतरनाक होती है. इसमें मीथेन समेत जहरीली गैसों के रिसाव, अचानक पानी घुसने तथा सुरंग धंसने से दबकर जान जाने का गंभीर खतरा बना रहता है. बता दें कि उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा है कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध खनन परिवहन एवं भंडारण बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होने विभागीय अधिकारियों को अवैध खनन परिवहन एवं भंडारण करने वालों पर नजर रखने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.