
लातेहार। सदर प्रखंड के पंचायत मोंगर के ग्राम केडू में 18 अगस्त को हुई तेज बारिश के कारण दो कच्चे मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। लगातार हुई मूसलाधार बारिश से खुशबू देवी, पति चंदन कुमार और पूनम देवी, पति जितेंद्र राम के घर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित परिवारों ने बताया कि बारिश इतनी तेज थी कि देखते ही देखते घर का बड़ा हिस्सा गिर गया। घर ध्वस्त होने से परिवार के लोग काफी परेशान हैं और आर्थिक नुकसान भी हुआ है। पीड़ित खुशबू देवी और पूनम देवी ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर उचित सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।



