लातेहार। दिशोम गुरू शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर जिला मुख्यालय के कीनामाड़ ग्राम में स्व सोने के स्मृति स्थल एवं प्रतिमा का अनावरण किया गया. झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने बताया कि कीनामाड़ चौक को अब शिबू सोरेन के नाम से जाना जायेगा. यहां दिशोम गुरू शिबू सोरने की आदमकद प्रतिमा लगायी जायेगी. वर्तमान में उनकी तसवीर लगा कर इसका अनावरण किया गया है. इससे पहले जिला अध्यक्ष श्री शाहदेव के अलावा अन्य झामुमो नेता व कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरू शिबू सोरेन के चित्र के समक्ष पुष्पजंलि कर अपनी श्रद्धांजलि दी.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ने किया. उन्होने मौके पर कहा कि स्व शिबू सोरेन की स्मृतियाँ और उनके आदर्श सदैव जीवित रहें, इसी उद्देश्य से लातेहार के कीनामाड़ चौक पर उनकी प्रतिमा स्थापित कर भव्य स्मारक का निर्माण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक चौक नहीं, बल्कि गुरुजी के संघर्ष, त्याग और उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा. शाहदेव ने कहा कि गुरुजी केवल एक जननेता नहीं थे, बल्कि वे झारखंड की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक थे. उनका संपूर्ण जीवन आदिवासियों, मूलवासियों और झारखंड के हितों के लिए समर्पित रहा. उनके नाम पर एक चौक की स्थापना उन्हें श्रद्धांजलि देने का एक छोटा सा प्रयास है. उनका व्यक्तित्व और योगदान युगों-युगों तक याद किया जाएगा. कार्यक्रम में जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष, केंद्रीय समिति सदस्य अरुण कुमार दुबे, बासुदेव यादव, जिला सचिव बुद्धेश्वर उराव, जिप सदस्य विनोद उरांव, पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रभात कुमार, सुशील यादव, आर्सेन तिर्की, रिंकू कच्छप, अंकित पांडेय, विशाल कुमार आदि मौजूद थे.