लातेहार। विगत कई दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण बरवाडीह प्रखंड केड़ पंचायत के ग्राम रबदी की सड़क बदहाल हो गयी है. या यूं कहें कि नाली में तब्दील हो गयी है. रबदी औरंगा पुल से रबदी मेन बस्ती जाने वाली सड़क आजादी के इतने वर्षों के बाद भी नहीं बन सकी है. स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह के प्रति इसे ले कर लोगों मे खासा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि रामचंद्र सिंह पिछले दो टर्म से विधायक हैं और उन्हें कई बार इस सड़क को बनाने की मांग की गयी है, लेकिन सिर्फ आश्वासन के कुछ नहीं मिला. आज यह सड़क चलने लायक भी नहीं है. इसे देखते हुए ग्राम रबदी के युवा समाजसेवी आशीष प्रसाद यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने श्रमदान व अपने निजी खर्च से जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर सड़क में मिट्टी मोरम गिराया और सड़क की मरम्मती कर आवागमन के लायक बनाया. ग्रामीणों ने बताया कि पक्की सड़क निर्माण करने के लिए विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से कई बार मांग की गयी है, पर उनके द्वारा अब तक सिर्फ झूठा आश्वासन ही मिलता रहा है. आजादी दशकों बीत जाने के बाद भी सड़क नहीं बनने से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है. गांव के आशीष प्रसाद यादव, जमुना यादव, विनय यादव, अरविंद यादव, मनोज यादव, राजेंद्र यादव, सुधीर यादव, सोनू यादव, बबलू यादव, वीरेंद्र सिंह और सुदामा यादव समेत कई ग्रामीणों ने विधायक रामचंद्र सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन से शीघ्र इस सड़क को बनवाने की मांग की है. कहा कि अगर सड़क शीघ्र नहीं बनी तो आंदोलन होगा.