लातेहर। भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सबों की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए तथा उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने गांव, मोहल्ले और खेतों में वृक्षारोपण कर हरित वातावरण बनाने की अपील की. साथ ही कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना हम सभी का नैतिक दायित्व है. पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है. श्री रेड्डी अपने दो दिवसीय लातेहर दौरे के क्रम में 21 जुलाई को लातेहार के बाचकुम ग्राम में महतलाल उरांव के अध्यक्षता में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग ले रहे थे. रेड्डी ने आगे कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि आज हम प्रकृति के संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा. कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमराज , प्रदेश अध्यक्ष जयकुमार सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री अचल, जिला मंत्री बबन मांझी, सानू सिंह और विकास यादव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.