बालूमाथ (लातेहार)। प्रखंड के मुरपा पंचायत के मनसिघा लैपसं के समीप सोमवार को देर शाम एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी. उसकी पहचान दशमी देवी (62) पति रामधनी यादव के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार एक बालू लदा ट्रैक्टर तेज गति से जा रहा था, तभी उसने उक्त महिला को अपने चपेट में ले लिया. इसमें महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी. ग्रामीणों ने तत्काल घायल महिला को इलाज के लिए चिकित्सक के पास लेकर गए. चिकित्सक ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रोरो कर बुरा हाल है. हादसे के बाद ग्रामीणो ने बालूमाथ-मैक्लुस्कीगंज सड़क को जाम कर दिया. सूचना मिलने पर मुरपा पिकेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजा है.