लातेहार। रांची-मेदिनीनगर राष्ट्रीय उच्च पथ में मनिका थाना क्षेत्र के करमाही गांव के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. घटना गुरूवार की देर शाम की है. मृतक के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतक की पहचान करमाही गांव निवासी झमन सिंह ( 40) के रूप में की गयी है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच जाम करने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस की तत्परता से जाम को हटा लिया गया. जानकारी के अनुसार मृतक लातेहार में मजदूरी का काम करता था. गुरूवार को उसके घर मे मेहमान आये थे. परिजनों के अनुसार वह रात में सड़क पार कर रहा था और इसी दौरान एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अज्ञात चेचिस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया था. वाहन ने उसे बुरी तरह कुचल दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.