लातेहार। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है ताकि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिले एवं महिलाओं के स्वास्थ्य की भी सुरक्षा की जा सके. उपायुक्त बुधवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कनेक्शन के संचालन के लिए एसओपी के तहत उज्ज्वला समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे.
Advertisement
डिस्ट्रिक्ट नोडल ऑफिसर अनिरबन गंगोपाध्याय ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के परिपत्र के अनुसार पीएमयूवाई कनेक्शनों से संबधित जानकारी देते हुए बताया कि लातेहार जिले में कुल 2135 लाभुक हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन लेने के बाद अभी तक रिफिल नहीं कराया है, लाभुकों को 30 अप्रैल तक गैस वितरक के यहां ई-केवाइसी कराना अनिवार्य है. ऐसे सभी लाभुकों को ऑयल मार्केटिंग कंपनी की ओर से नोटिस भेजे जायेंगे.
Advertisement
ई-केवाइसी नहीं कराने पर उनका गैस कनेक्शन रद्द कर दिया जायेगा. बैठक में उपायुक्त ने वर्तमान में उज्जवला कनेक्शनों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार निष्पादन करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया. उन्होंने नियमित रूप से जिला स्तरीय उज्ज्वला समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया. बैठक में आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रश्मि लकड़ा एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.