लातेहार। जिले के सबसे बड़े बहुमंजिला सदर अस्पताल में मंगलवार की सुबह तकरीबन आठ बजे उस समय अफरा तफरी मच गयी, जब अस्पताल के एक हिस्से में आग लग गयी. बताया जाता है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी. हालांकि इसकी जांच की जा रही है. आग लगते ही अस्पताल में मौजूद कर्मी हरकत में आ गये. बालू आदि की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. इस कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई. इस अगलगी में कोई हताहत नहीं हुआ. । आग अस्पताल के एक हिस्से तक ही सीमित रही और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
सदर अस्पताल में लगाया गया अग्निशमन यंत्र एक्सपायरी है
बता दें कि सदर अस्पताल में आग से सुरक्षा के लिए जो अग्निशमन उपकरण लगाए गए हैं, उनमें से अधिकांश उपकरण दो साल पहले ही एक्सपायर हो गए हैं. आग लगने की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे जिप सदस्य विनोद उरांव ने बताया कि उन्होने सदर अस्पताल के चार स्थानों पर लगाये गये अग्निशमन यंत्रों को देखा. तकरीबन सभी उपकरण दो साल पहले ही एक्सपायर हो चुके हैं. आज ये उपकरण सिर्फ सदर अस्पताल की शोभा बढ़ा सकते है. भगवान ना करें यदि कभी सदर अस्पताल में आग लगने की घटना हो जाये तो ये उपकरण उसे बुझा नहीं पायेगें.
उपकरणों को बदला जायेगा: सीएस
इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन डा राजमोहन खलखो ने बताया कि अस्पताल उपाधीक्षक से बात हुई है. उन्होन स्वीकार किया है कि अग्निशमन यंत्र एक्सपायरी हो चुके हैं. डा खलखो ने बताया कि कंपनी से बात हुई अगले हफ्ते तक सभी एक्सपायरी यंत्रों को बदल दिया जायेगा.