लातेहार। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय लातेहार में शुक्रवार को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी (पीटीएम)का आयोजन किया गया. गोष्ठी में बाल वाटिका से लेकर कक्षा नौ तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लिया. इस दौरान विद्यार्थियों के प्रथम टर्मिनल परीक्षा का परिणाम भी अभिभावकों को उपलब्ध कराया गया
प्राचार्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह
विद्यालय के प्राचार्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई और उनके दैनिक व्यवहार पर विशेष ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक इस्तेमाल को सीमित करना जरूरी है. अधिक स्क्रीन टाइम का बच्चों की पढ़ाई, एकाग्रता और दिनचर्या पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की हैंडराइटिंग सुधारने तथा नियमित रूप से स्वाध्याय करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की. प्राचार्य ने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति में विद्यालय के साथ-साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है. नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण से बच्चों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है. गोष्ठी के दौरान अभिभावकों ने भी बच्चों की पढ़ाई एवं विद्यालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की और आवश्यक सुझाव साझा किए.