लातेहार
होली में बिना हेलमेट चले तो खैर नहीं, 105 का कटा ऑनलाइन चालन

लातेहार। उपायुक्त लातेहार उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर लातेहार जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पूर्व से ही सख्त कार्रवाई की जा रही है। उसी क्रम में होली पर्व के मद्देनजर विशेष रूप से जिले में सीसीटीवी आधारित ऑनलाइन चालान प्रणाली लागू की गई है। इस पहल का उद्देश्य त्यौहारों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक बनाना है। जिला परिवहन पदाधिकारी लातेहार उमेश मंडल ने बताया कि चंदवा प्रखंड के इंदिरा चौक के सीसीटीवी कैमरे से 31, बालूमाथ प्रखंड के थाना के सीसीटीवी 36, लातेहार धरमपुर चौक के सीसीटीवी से 38, कुल 105 बिना हेलमेट वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए लगभग ₹105,000 का जुर्माना वसूला गया। जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने कहा कि होली पर्व एवं बढ़ती दुर्घटना पर लगाम लगाने हेतु यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें। जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जा रही है, ताकि लातेहार को सुरक्षित यातायात वाला जिला बनाया जा सके।



