महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड के दुरूप पंचायत के दौना गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आदिम जनजाति समुदाय महिलाओं के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सामाजिक कार्यकर्ता अनुपा टोप्पो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों आदिम जनजाति महिलाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से की गयी. रैली में महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समान अधिकार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों के साथ गांव में रैली निकाली तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया. रैली के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अनुपा टोप्पो ने आदिम जनजाति समुदाय के उत्थान के लिए चल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने पीटीजी योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और विशेष रूप से आदिवासी समुदायों के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि दौना गांव में रहने वाले बृजिया समुदाय के बीच सामाजिक बदलाव की शुरुआत हो चुकी है. बीते गणतंत्र दिवस पर पहली बार ग्राम प्रधान दानियल ब्रिजिया द्वारा ब्रिजिया समाज के बीच तिरंगा फहराया गया. मौके पर सिलबिनिया ब्रिजिया, ज्योति तेलरा, बिबयानी तेलरा, बरशिला ब्रिजिया समेत कई महिलाएं मौजूद थीं.