बालूमाथ (लातेहार)। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) की तुबेद कोल माइंस परियोजना में कोल परिवहन कार्य करा रही डेवलेक्टो माइनिंग लिमिटेड ने गुरुवार को चालक व ईंधन की व्यवस्था के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एम्बुलेंस उपलब्ध कराया है. अंचल अधिकारी बालेश्वर राम व थाना प्रभारी अनुभव सिंहा की उपस्थिति में डीएमएल के प्रतिनिधियों ने एम्बुलेंस की चाबी संयुक्त रूप से सौंपी. कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि दुर्घटना, आकस्मिक बीमारी एवं अन्य आपात परिस्थितियों में आम लोग इस एम्बुलेंस की सेवा ले सकेंगे. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एम्बुलेंस सौंपे जाने के दौरान डीवीसी के अरविंद कुमार ठाकुर, जय प्रकाश एवं अमित चक्रपाणि तथा डीएमएल की ओर से मो इस्तखार खान, बलराम पांडेय एवं श्यामल चक्रवर्ती उपस्थित रहे. सीएचसी को एम्बुलेंस सौंपने के दौरान थाना प्रभारी अनुभव सिंहा ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए जल्द ही एक मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाएगा। जरूरतमंद व्यक्ति उक्त नंबर पर संपर्क कर एम्बुलेंस की सेवा ले सकेंगे. तब तक एम्बुलेंस की आवश्यकता होने पर थाना प्रभारी अनुभव सिंहा से संपर्क किया जा सकते है. कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि 21 सितंबर को बालूमाथ प्रखंड कार्यालय परिसर में जिले के उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में डीवीसी व डीएमएल के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालूमाथ को सप्ताह के सातों दिन व 24 घंटे सेवारत एम्बुलेंस सौंपने की घोषणा अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार, डीएमओ नदीम सैफी, डीटीओ उमेश मंडल, सीओ बालेश्वर राम, बीडीओ सोमा उरांव व स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यवसायी के समक्ष की गई थी. स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए डीवीसी डीएमएल के द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 22 सड़क की नियमित रुप से सफाई के लिए करीब 20 से 30 मजदूर लगाए गए है. साथ ही वोल्वो वाटर स्प्रिंकलर से लगातार पानी का छिड़काव कर धूल नियंत्रण का प्रयास किया जा रहा है. प्रस्तावित बाईपास सड़क को अंतिम रूप देने के लिए भी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय जारी है.