महुआडांड़ (लातेहार)। नेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत टूटूवामोड़ के समीप गुरुवार को जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग की ओर से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी एवं नेतरहाट थाना प्रभारी राजन अधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। अचानक चले वाहन जांच अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। अभियान के दौरान टूटूवामोड़ से होकर गुजरने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों को रोककर आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य निर्धारित मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी।जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर एक जेसीबी को जब्त कर नेतरहाट थाना परिसर में रखा गया, जबकि पांच वाहनों का चालान काटकर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप रहा। जांच अभियान के दौरान पुलिस बल एवं संबंधित विभाग के कर्मी भी मौजूद रहे।