बुजुर्गों का सम्मान करें और उन्हें कभी अकेलापन महसूस न होने दें: चौरसिया
वृद्धाश्रम सहित गांवों में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस

बुजुर्गों को कानूनी अधिकारों और योजनाओं की दी गई जानकारी
लातेहार। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह के मार्गदर्शन में गुरूवार को सदर प्रखंड के होटवाग ग्राम स्थित वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन किया गया. इस विशेष अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चौरसिया ने वृद्धजनों को संबोधित किया और उन्हें समाज की अमूल्य धरोहर बताया. सचिव ने बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कानून हर कदम पर बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
गांवों में लगा चैपाल
वृद्धाश्रम के साथ-साथ यह अभियान जिला पंचायत स्तर और दूर-दराज के गांवों तक पहुंचाया गया. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर पीएलवी ने लातेहार के विभिन्न पंचायतों और गांवों में जाकर चैपाल लगाई. उन्होंने बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं और उन्हें कानूनी रूप से जागरूक किया. ग्रामीणों और आश्रम के वृद्धजनों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में बताया गया ताकि वे इनका पूरा लाभ उठा सकें. इस अवसर पर प्राधिकार की ओर से बुजुर्गों के बीच आवश्यक दवाइयां, फल और दैनिक उपयोग की जरूरी चीजें वितरित की गईं. डालसा सचिव ने समाज से अपील की कि वे अपने घर और आस-पड़ोस के बुजुर्गों का सम्मान करें और उन्हें कभी अकेलापन महसूस न होने दें। किसी भी कानूनी सहायता के लिए वृद्धजन सीधे डालसा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.



