लातेहार। शहर के डालडा फैक्ट्री के पास स्थित साक्षी गैस सर्विस (भारत गैस) के गोदाम में उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी है. शनिवार की सुबह से ही लोग घरेलु रसोई गैस लेने के लिए मारामारी कर रहे हैं. हालांकि एजेंसी के कर्मियों ने बताया कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, जिन्होने भी बुकिंग करायी है, सबों को गैस मिलेगा. बता दें कि पिछले 19 मार्च को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश के बाद साक्षी गैस सर्विस एजेंसी के कार्यालय को सील कर दिया गया था. उसके बाद से ही लातेहार में भारत गैस के उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति थी. लोग रसोई गैस के लिए परेशान थे.
बताया जाता है कि प्रशासन के द्वारा मांगी गयी जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने के कारण यह कार्रवाई की गयी थी. हालांकि 20 मार्च को प्रशासन के द्वारा मांगी गयी जानकारियां उपलब्ध करा देने के बाद 20 मार्च को एजेंसी के कार्यालय का खोल दिया गया था. 21 मार्च की सुबह जैसे ही भारत गैस की सिलिंडर से लदी ट्रक गोदाम पहुंची. लोगों को इसकी जानकारी होते ही लोग सिलिंडर ले कर गोदाम पहुंच गये. कर्मियोंं ने बताया कि लोग गोदाम पहुंच जा रहे हैं, इस कारण होम डिलीवरी नहीं हो पा रही है.