लातेहार। उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास एवं भूमि संरक्षण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई.बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए. उप विकास आयुक्त ने कहा कि कृषि एवं इससे जुड़े सहायक क्षेत्रों के सुदृढ़ विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है. उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया. बैठक में विभागवार योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं क्षेत्रीय स्तर पर निरीक्षण बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए. बैठक में कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चल, भूमि संरक्षण पदाधिकारी विवेक मिश्रा, पशुपालन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी और गव्य विकास पदाधिकारी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.