बालूमाथ (लातेहार)। मंगलवार को बारियातू प्रखंड क्षेत्र के बनवार ग्राम में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. उसकी पहचान खुशबू कुमारी, पिता निर्मल गंझू के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार गांव के समीप स्थित एक ईंट भट्ठा के पास पानी पटाने के लिए बनाए गए गड्ढे में किशोरी डूब गई. घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां जांच के दौरान चिकित्सक डॉ अशोक कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया है और पोस्टमार्टम में भेजने की तैयारी कर रही है.