लातेहार। सदर प्रखंड के पांडेयपुरा पंचायत की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर पंचायत के मुखिया संजय उरांव ने विधायक प्रकाश राम को एक ज्ञापन सौंपा है.
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि पांडेयपुरा पंचायत की आबादी सात हजार से अधिक है. पंचायत क्षेत्र में प्रखंड विकास कार्यालय, अंचलाधिकारी कार्यालय, विद्युत विभाग, भूमि संरक्षण कार्यालय, सीआरपीएफ कैंप समेत कई महत्वपूर्ण संस्थान एवं पर्यटन स्थल हैं, लेकिन इसके बावजूद पंचायत में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है. मुखिया ने पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए पांच मांगें रखी हैं. इनमें प्राथमिक विद्यालय रैहल से रामगढ़ टोला होते हुए ऊपर बेसरा भाया हेसरा से बेसरा तक कालीकृत पथ का निर्माण, मैनिबांध खैराटोली से बढ़कू साव के घर तक पीसीसी पथ निर्माण, मुक्का तीन मुहान से कार्तिक चौक होते हुए बेसरा तक कालीकृत पथ का निर्माण, छठ घाट कड़िमा से प्रकाश साव के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण तथा पांडेयपुरा पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शामिल है. मुखिया संजय उरांव ने विधायक प्रकाश राम एवं जिला प्रशासन से मांगों पर शीघ्र पहल करते हुए पंचायत के ग्रामीणों को बेहतर सड़क एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से पंचायत के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा.