झारखंड
बंदियों को सुधारात्मक वातावरण प्रदान करना आवश्यक: डीसी


लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार ने बुधवार को मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होने कारा परिसर में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि बंदियों को सुधारात्मक वातावरण प्रदान करना आवश्यक है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने महिला वार्ड का भी अवलोकन किया. वहां की व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने महिला बंदियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए. उपायुक्त ने बंदियों के पुनर्वास के लिए उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण (स्किल डेवलपमेंट) उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि रिहाई के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें. उन्होंने कारा प्रशासन को बंदियों को दी जा रही सभी सुविधाएं नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, अंचल अधिकारी नंद कुमार राम और प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी आदि उपस्थित थे. 