केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों पर बोला कड़ा हमला
बरवाडीह (लातेहार)। शुक्रवार को बरवाडीह प्रखंड के ग्राम मुरू स्थित बहेराटांड़ टोला में भाकपा माले की बरवाडीह पूर्वी एरिया कमेटी के तत्वावधान में ‘मजदूर दिवस’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में भाकपा माले के प्रखंड कमिटी सचिव राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे. उपस्थित जनसमूह और मजदूरों को संबोधित करते हुए राजेंद्र सिंह ने केंद्र की सत्तासीन भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को पूरी तरह से ‘मजदूर विरोधी’ करार देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में मजदूरों और मेहनतकश अवाम के हकों को लगातार छीना जा रहा है. अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार के चार नए श्रम कोड को अविलंब रद्द करने की मांग की और केंद्र की भाजपा सरकार पर अमेरिका के साथ किसानों के हितों का समझौता करने का गंभीर आरोप भी लगाया. उन्होंने क्षेत्र के सभी मजदूरों से अपील किया कि वे अपने अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए केंद्र सरकार की इन जनविरोधी व मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट हों और अपने संघर्ष को और तेज करें. वहीं कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा माले की पूर्वी एरिया कमेटी के सचिव रमेश प्रसाद ने किया. इस अवसर पर रमेश प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज गैस की भारी किल्लत हो रही है, जिसके कारण बाहर काम करने वाले प्रवासी मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण भारी संख्या में मौजूद थे. मुख्य रूप से प्रखंड कमिटी के सदस्य सुदामा राम, लोकल कमिटी सदस्य सह वार्ड प्रतिनिधि फुन्नी देवी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई और मजदूर एकता का संकल्प लिया.