महुआडांड़ (लातेहार)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुलेमान मुंडरी ने परहाटोली पंचायत अंतर्गत ग्राम कुरो आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों को स्वयं पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से वंचित न रहे।एसडीओ ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों को अभियान के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने और अपने आसपास के लोगों को भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र के सहिया उपस्थित रहे। अभियान के तहत विभिन्न बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।