लातेहार। श्री सूर्य नारायण पूजा समिति, चाणक्यनगरी की एक बैठक रविवार की संध्या सात बजे से चटनाही स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित की जायेगी. इस आशय की जानकारी समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने दी. श्री सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के द्वारा छठ व्रतियों को तमाम सुविधायें दी जायेगी. उन्होने कहा कि इसे ले कर विचार विमर्श करने एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए उक्त बैठक बुलायी गयी है. उन्होने नगरवासियों से इस बैठक में भाग लेने एवं अपना बहुमूल्य सुझाव देने की अपील की है.
बता दें कि श्री सूर्यनारायण पूजा समिति चाणक्यनगरी (चटनाही) के तत्वावधान में विगत कई वर्षों से औरंगा नदी स्थित मुख्य छठ घाट में नगरवासियों के लिए विशेष व्यवस्था की जाती है. बाइपास चौक से राजहार तक आकर्षक विद्युत सज्जा की जाती है. इसके अलावा छठ घाट में आकर्षक विद्युत सजावट की जाती है. छठ व्रतियों के लिए अस्थायी स्नानागार बनाये जाते हैं. घाटों का चौड़ीकरण किया जाता है. समिति के सदस्य तन मन व धन से इस आयोजन को सफल बनाने में दिन रात जुटे रहते हैं. औरंगा नदी छठ घाट के पास ही सूर्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है. करीब तीन करोड़ लागत से इस मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है. समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस सूर्य मंदिर निर्माण में तन मन व धन से सहयोग करने की अपील की है.