लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिले में धान अधिप्राप्ति कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं. शनिवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में शनिवार को खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति की अग्रिम तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन, पैक्स एवं लैम्प्स की स्थिति, राइस मिलों से टैगिंग, किसानों के भूमि सत्यापन तथा धान क्रय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई. बैठक में विभागीय निर्देशों के आलोक में धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन एवं राइस मिलों की टैगिंग की प्रक्रिया की समीक्षा की गई. अधिप्राप्ति केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति को लेकर चर्चा की गई. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से धान अधिप्राप्ति को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली. खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिए धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन से संबंधित प्रस्तावित सूची की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने तथा धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में किसानों के भूमि सत्यापन से संबंधित लंबित मामलों की प्रखंडवार समीक्षा की गई. जिले में कुल 3,858 किसानों का भूमि सत्यापन लंबित पाया गया है. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित भूमि सत्यापन कार्य में तेजी लाने तथा पात्र किसानों से संबंधित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम, जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन के अलावा ऑनलाइन सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी जुड़े थे.