महुआडांड़। वन प्रक्षेत्र के जरहाटोली जंगल में जंगली भालू के हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक जंगल में पूटू (जंगली मशरूम) चुनने गए थे, तभी झाड़ियों से अचानक निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता से दोनों की जान बच सकी। घटना बुधवार की शाम की है. घायलों की पहचान कमलेश नगेसिया (16) पिता बिरेंद्र नगेसिया तथा प्रमोद केरकेट्टा (18) पिता धीरजू केरकेट्टा, दोनों निवासी जरहाटोली, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। हालांकि एंबुलेंस काफी देर से पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महुआडांड़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर वनपाल गुरूदयाल सिंह एवं वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची। वनपाल ने विभाग की ओर से दोनों घायलों को तत्काल राहत स्वरूप नगद सहायता प्रदान की तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मौके पर प्रभारी वनपाल ओम प्रकाश पाल, वनकर्मी सुनील सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।