लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार ने समाहरणालय परिसर में गुरुवार को पलाश जेएसएलपीएस द्वारा संचालित आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह की दो लाभुकों के बीच वाहन का वितरण किया. उपायुक्त संदीप कुमार ने लाभुकों को वाहन की चाबी सौंपने के बाद हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया. मौके पर उपायुक्त कुमार ने कहा कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने लाभुकों से वाहन का नियमित संचालन, समुचित रखरखाव तथा बेहतर सेवा प्रदान करते हुए अधिक से अधिक आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाना और गांवों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है. इस योजना के तहत मनिका प्रखंड की गुलशन खातून (रौशनी आजीविका स्वयं सहायता समूह) तथा हेरहंज प्रखंड की रिंकू देवी (ज्योति आजीविका स्वयं सहायता समूह) को वाहन उपलब्ध कराया गया. मौके पर जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक संतोष कुमार, जिला टीम से रोसालिया, मुजफ्फर, अंकित, अजय, मेघा सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी आकाश कुमार साहू, सुजीत कुमार, मनोज कुमार, रामगिरी उरांव, अरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, आलोक, गौरव, नरेश, आरफिन, आनंद, तैयब तथा सीसी, सीएलएफ के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.