लातेहार। सदर थाना क्षेत्र के राजहार स्थित के जलता रोड में सोमवार की देर रात चोरी की घटना को देने का असफल प्रयास किया गया. दो चोर चेहरे पर कपड़ा बांधकर लकड़ी की सीढ़ी और औजार लेकर शिवपूजन प्रसाद के घर के पीछे पहुंचे और छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए. चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है.
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दोनों चोर रात करीब दो से ढाई बजे के बीच घर के पीछे पहुंचते हैं. दोनों पहले सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़ते हैं. इसके बाद छत का दरवाजा खोलकर सीढ़ी को अंदर करते हैं और उसी के सहारे घर में प्रवेश कर जाते हैं. घर के अंदर दोनों कुछ देर तक सामान खंगालते हैं. इसके बाद मिल्टन बोतल समेत अन्य सामान लेकर बाहर निकल जाते हैं. हालांकि, चोरों के हाथ कोई बड़ा या कीमती सामान नहीं लगा. घर से निकलने के बाद दोनों चोर पास स्थित विजय साहू की किराना दुकान के पीछे पहुंचे. वहां उन्होंने ताला तोड़ने का प्रयास किया. मंगलवार को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की.