लातेहार। मानसून को देखते हुए उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर संभावित जलजमाव, भूस्खलन और यातायात बाधाओं से निपटने के लिए एनएचएआई द्वारा विशेष तैयारियां शुरू की गई हैं. एनएचएआई ने NH-39 के मनिका से कुडू खंड पर साइनेज मार्किंग, पॉटहोल्स की मरम्मत, हाईवे, अंडरपास और ड्रेनेज सिस्टम की समुचित सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया है, ताकि जल निकासी में कोई बाधा न आए. इसके साथ ही सर्विस रोड और मुख्य सड़कों पर गड्ढों की तत्काल भराई कर पानी जमा होने की समस्या को रोका जा रहा है. रोड साइड की झाड़ियों की कटाई भी की जा रही है. इसी क्रम में शुक्रवार को एनएच-39 के विभिन्न स्थानों पर ये कार्य किए गए. उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि बारिश के दौरान आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने आगे कहा कि मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें.