लातेहार। रविवार की दोपहर बाद जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के अमझरिया घाटी में लोहे की पाइप से लदी एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान राम सेवक पाल उर्फ भोला पाल विश्रामपुर (पलामू) और खलासी सूरज कुमार (सोनभद्र उत्तर प्रदेश) के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार, ट्रक (बीआर 24 जीबी 9111) उड़ीसा के राउरकेला से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के लिए लोहे के पाइप लेकर जा रहा था. अमझरिया घाटी में एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई. दुर्घटना के दौरान ट्रक में लदे भारी लोहे के पाइप आगे की ओर खिसक गए और चालक केबिन में फंस गया. जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. चालक के शव को केबिन से बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई. दुर्घटना के कारण कुछ आधा घंटा तक एनएच-75 पर यातायात बाधित रहा. ,