लातेहार। देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत सोमवार को लातेहार जिला मुख्यालय में भाकपा माले जिला कमिटी के बैनर तले सैकड़ों किसान, मजदूर, छात्र एवं नौजवानों ने प्रतिरोध मार्च निकाल. बाजारटाड़ से शुरू हुए इस मार्च में प्रदर्शनकारियों ने “इंकलाब जिंदाबाद”, “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “भाजपा हटाओ, देश बचाओ”, “भ्रष्ट राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करो” तथा “लोकतंत्र पर दमन करना बंद करो” जैसे नारों के साथ शहर की मुख्य सड़कों का भ्रमण किया. प्रतिरोध मार्च समाहरणालय मोड़ के पास सभा में तब्दील हो गया.
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव बिरजू राम ने कहा कि वर्तमान समय में देश की शिक्षा व्यवस्था पर सीधा हमला हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने हजारों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है तथा छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में एआईएसए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक समेत कई छात्र नेताओं ने भूख हड़ताल की. उन्होंने सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की घटना की आलोचना करते हुए इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया. सभा में वक्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में सुधार एवं पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा. इस मौके पर झारखंड जनरल यूनियन के नेता प्रमोद साहू, सीपीआई नेता अलाउद्दीन, माले नेता राजेंद्र सिंह, कमलेश सिंह, रमेश कुमार, गोपाल प्रसाद, संतोष सिंह, दुर्गा सिंह, धनेश्वर सिंह, मुनेश्वर सिंह, सुदामा राम सहित कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया और छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की.