लातेहार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लातेहार जिला इकाई ने झारखंड प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय गेट के समीप कांग्रेस के कथित दोहरे रवैए और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में राहुल गांधी का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष बंशी यादव के मार्गदर्शन में जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह एवं जिला मंत्री मुकेश पांडेय के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में देशभर में 100 से अधिक पेपर लीक के मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस समर्थित सरकार के कार्यकाल में भी लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं भाजपा युवा नेता नागमणि कुमार ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस युवाओं के मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाती रही है। उन्होंने झारखंड में जेपीएससी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की तथा राज्य सरकार से पेपर लीक रोकने के लिए कठोर कानून बनाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करती रहेगी। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, जिला उपाध्यक्ष उषा देवी, जिला उपाध्यक्ष रेणु देवी, जिला कोषाध्यक्ष विषुणदेव प्रसाद गुप्ता, नगर अध्यक्ष सागर कुमार, नगर मंडल अध्यक्ष (पूर्वी) पिंटू रजक, नगर मंडल अध्यक्ष (पश्चिमी) अवधेश चंद्रवंशी, पूर्व जिला परिषद सदस्य रामदेव सिंह, कन्हाई पासवान, रघुवीर यादव, गोविन्द प्रसाद, रितेश कुमार, अश्वनी कुमार सिंह, सुभाष सिंह, सुकन्या देवी, नीलम देवी, रानी कुमारी, नागमणि कुमार, विधायक प्रतिनिधि सोनू सिंह, दीपक पासवान, मोनू कुमार, मिलन शुक्ला सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।