लातेहार। जिले के नये समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आइटीडीए) के निदेशक के रूप में सरोजनी एनी तिर्की ने यहां योगदान दिया है. बता दें कि प्रवीण कुमार गगराई के स्थानांतरण के बाद से यह पद रिक्त था और उप विकास आयुक्त इसके प्रभार में थे. योगदान देने के बाद अपनी प्रतिबद्धता दुहराते हुए श्रीमती तिर्की ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. कल्याण विभाग के विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कर जरूरतमंद एवं वंचित लोगों तक सरकारी सुविधाओं की प्रभावी पहुंच बनाना उनके कार्यकाल का प्रमुख लक्ष्य रहेगा.