लातेहार। लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को जिला स्टेडियम स्थित वॉलीबॉल खेल मैदान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. यह समारोह लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी को 26 जुलाई को आयोजित झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक में उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का संचालन लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नीरज कुमार ने किया. संघ के सचिव प्रवीण मिश्रा ने कहा कि पंकज तिवारी का झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पद पर मनोनयन लातेहार जिले के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि पंकज तिवारी लंबे समय से जिले में खेलों, विशेषकर वॉलीबॉल के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में लातेहार के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. पंकज तिवारी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि लातेहार के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों का सम्मान है. उन्होंने कहा कि लातेहार जिले में खेल प्रतिभाओं की भरमार है और आने वाले समय में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. इस अवसर पर एथलेटिक्स प्रशिक्षक आलोक कुमार सिंह, जिम ट्रेनर आसिफ अली प्रिंस, लातेहार के उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद, दिलेश्वर यादव, केकेसी के जिला अध्यक्ष कामिल अंसारी, लातेहार नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र उरांव, प्रदीप यादव, मिथलेश यादव, गोल्डन राजा, खुशबू देवी, मीना देवी समेत जिले के कई खेलप्रेमी, खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.