लातेहार। सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ में आयोजित विज्ञान सप्ताह का समापन शनिवार को हो गया. समापन कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ. कार्यक्रम में कक्षा नौ व 10 के छात्रों ने विज्ञान विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर विज्ञान के महत्व, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला. इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोग प्रस्तुत किए गए. विज्ञान सप्ताह में तैयार किए गए एटीएल मॉडल एवं अन्य विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया. मॉडल तैयार करने वाले विद्यार्थियों ने स्वयं उनके कार्य करने की प्रक्रिया एवं उपयोगिता का विस्तार से परिचय दिया. कार्यक्रम के दौरान शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग के छात्रों के लिए विज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया. इसके अलावा मौजूद दर्शकों के लिए क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गयी. मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन को तर्क, जिज्ञासा और नवाचार की दिशा देने वाली सोच है. उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया. प्रतियोगिता एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रो को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया.