हर जरूरतमंद और असहाय व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुने: सचिव
लातेहार। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेष नाथ सिंह के निर्देश पर एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया. इसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चौरसिया ने जिले के बालूमाथ, बारियातू, चंदवा और हेरगंज प्रखंडों में संचालित विधिक सहायता केंद्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सचिव श्री चौसिया ने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, पंजियों के रख-रखाव और आम लोगों को दी जा रही कानूनी सहायता की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने मौके पर मौजूद पारा लीगल वालिंटियर्स को समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए. सचिव ने सभी पीएलवी अपने निर्धारित विधिक सहायता केंद्रों पर नियमित रूप से उपस्थित रहने, ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों के प्रति लगातार जागरूकता शिविर लगाने, केंद्र पर आने वाले हर जरूरतमंद और असहाय व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उन्हें उचित विधिक परामर्श प्रदान करने, केंद्रों में आने वाले मामलों और उनके निष्पादन का स्पष्ट और अपडेटेड रिकॉर्ड बनाए रखने का निर्देश दिया. मौके पर उन्होने विधिक सहायता केंद्रों पर काम कर रहे पीएलवी के चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली. इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर विधिक सेवाओं को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और सुलभ बनाना है, ताकि कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे.