“नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का आयोजन
लातेहर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत रविवार को नर्सिंग कौशल कॉलेज, लातेहार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अलावा मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक, शिक्षक एवं गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया. इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में हेमलता कच्छप, प्राचार्या, नर्सिंग कौशल कॉलेज, अशोक पांडेय, प्राचार्य , गवर्नमेंट आश्रम स्कूल , मनिका, संगीता कुमारी, सचिव नशा मुक्ति केंद्र, बालूमाथ उपस्थित थे. अतिथियों ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया. अपने वर्चुअल संबोधन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ करते हुए देशवासियों, विशेषकर युवाओं से इस जनआंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि “नशा किसी भी युवा की प्रतिभा, उसके परिवार और राष्ट्र के भविष्य को प्रभावित करता है. विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब हमारे युवा नशे जैसी बुराइयों से मुक्त होकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएँ. उन्होंने युवाओं से खेल, योग, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि “हर युवा स्वयं नशे से दूर रहे और कम-से-कम एक अन्य व्यक्ति को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करे। यही जनभागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति बनेगी. इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति शपथ ग्रहण की तथा समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया. मेरा युवा भारत, लातेहार की उप निदेशक कंचन कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला हैं. मेरा युवा भारत युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का नेतृत्व करने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है. जिले में आगामी 100 सप्ताह तक खेल, फिटनेस, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा. सभी युवाओं से आग्रह है कि वे MY Bharat पोर्टल पर ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ डिजिटल संकल्प लेकर इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संदेश को गंभीरता से सुना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया. आयोजन का समापन सभी अतिथियों एवं प्रतियोगिता के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.