लातेहार। पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा के ओपीडी का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल जाना. निरीक्षण के दौरान ओपीडी में ड्यूटी पर दंत चिकित्सक कंचन बाड़ा, अस्पताल स्टाफ त्रिलोकी सिंह, प्रवीण कुमार भोला, सुमित कुमार, सीमा कुमारी एएनएम, अनोरा तिर्की, क्लोस तिक्का तिर्की को पाया गया. निरीक्षण के बाद अयुब खान बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की आठ पद स्वीकृत हैं, इसमें पांच डॉक्टर कार्यरत थे, सीएचसी पिछले कई वर्षों से चिकित्सकों की कमी से जूझ रही थी. 31 जुलाई को तीन चिकित्सकों प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नीलिमा कुमारी, वरीय चिकित्सक डॉ मनोज कुमार, डॉ श्रेयांस शुभम का दूसरे जिले में तबादला हो गया. डॉ तरूण जोस लकड़ा की देवघर में प्रतिनियुक्ति हो गई व वरीय चिकित्सक डॉ प्रकाश बड़ाईक का निधन हो गया जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर संकट खड़ा हो गया है. पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने कहा कि तीन डॉक्टर का स्थानांतरण दूसरे जिलों में कर दिया गया है, जबकि उनके स्थान पर अब तक किसी नए चिकित्सक की पदस्थापना नहीं की गई है. इससे सीएचसी सहित ग्रामीण क्षेत्रों की भी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. यहां प्रत्येक दिन दुर्घटना से गंभीर रूप घायल मरीज स्वास्थ्य केंद्र आते हैं ऐसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नए चिकित्सक की पदस्थापना किए तबादला किया जाना सही नहीं है. उन्होने शीघ्र ही नए चिकित्सकों की पदस्थापना की मांग की है.