लातेहार। भाजपा ने रांची में छात्रों पर किए गए लाठी चार्ज के विरोध में मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया था. कांग्रेस ने इस बंद को फ्लॉप बताया है. जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने कहा कि भाजपा के झारखंड बंद को छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम जनता ने पूरी तरह नकार दिया है.उन्होंने कहा कि बंद को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिलने के कारण भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर टायर जलाए और मार्ग बाधित करने का प्रयास किया. उन्होंने दावा किया कि लातेहार समेत कई स्थानों पर बंद को जनता का समर्थन नहीं मिला और यह पूरी तरह विफल साबित हुआ.पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सकी. उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर स्वतंत्र रूप से आंदोलन कर रहे हैं और भाजपा का उन्हें समर्थन मिलने का दावा वास्तविकता से परे है. कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को छात्रों के हित में निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करना चाहिए.