लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में भवन निर्माण प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में भवन निर्माण प्रमंडल द्वारा संचालित विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान विभिन्न भवन निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, कार्य पूर्ण होने की स्थिति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्वीकृत योजनाओं तथा लंबित कार्यों की जानकारी ली गई. उपायुक्त ने योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए. उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित स्थल जांच एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी भवन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा होना आवश्यक है, ताकि आमजनों एवं संबंधित विभागों को इसका लाभ समय पर मिल सके. लंबित एवं धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया. बैठक में भवन निर्माण प्रमंडल के सहायक अभियंता अजीत कुमार दास व कनीय अभियंता मनीष पूरण समेंत अन्य कर्मी उपस्थित थे.