लातेहार।चंदवा-लुकुइया मोड़-चापी-लोहरदगा मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है. उपायुक्त संदीप कुमार ने इस मार्ग को दुर्घटना की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील बताते हुए आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने अपने निर्देश में कहा है कि उक्त मार्ग दुर्घटना की दृष्टि से ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है. आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण जान-माल की क्षति चिंता का विषय है. यातायात को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए संवेदनशील स्थलों पर तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाना जनहित में आवश्यक है. उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल लातेहार को लोहरदगा जिले के संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से सड़क दुर्घटना रोकथाम से संबंधित आवश्यक सुरक्षा उपायों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. प्रशासन के इस कदम से चंदवा-लुकुइया मोड़-चापी-लोहरदगा मार्ग पर दुर्घटनाओं में कमी लाने और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने की उम्मीद है.बता दें कि पिछले 15 अगस्त को इस मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी थी. इस घटना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गयी थी.