महुआडांड़ (लातेहार)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संत जोसेफ प्लस टू विद्यालय, महुआडांड़ के एनसीसी कैडेट्स ने एनसीसी चीफ देवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कैडेट्स ने लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। रैली के दौरान कैडेट्स द्वारा लगाए गए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर गुड़गुड़टोली, कार्मेल हॉस्पिटल मार्ग होते हुए दुर्गाबाड़ी मंदिर मोड़ पहुंची और वहां से वापस विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने और स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।